प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चेन्नई में रविवार को कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जोसेफ विजय भी मौजूद रहे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चेन्नई में रविवार को कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जोसेफ विजय भी मौजूद रहे। इस दौरान, पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज के कार्यक्रम में 13,000 करोड़ रुपये की परियोजनाएं शामिल हैं। यह तमिलनाडु के लिए एक ऐतिहासिक दिन है। हम कई पूरी हो चुकी परियोजनाओं का उद्घाटन कर रहे हैं और नई परियोजनाओं की नींव रख रहे हैं।
पीएम मोदी ने कहा, ”आज से नवरात्रि के पावन पर्व का शुभारंभ हो रहा है। नवरात्रि का ये पुण्य अवसर और शिव के साथ-साथ शक्ति की पवित्र भूमि तमिलनाडु और इस कार्यक्रम में आने से पहले मुझे जलकंडेश्वर मंदिर में भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करने का सौभाग्य भी मिला है। मैं तमिलनाडु की तीर्थ भूमि से सभी देशवासियों को नवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।”
उन्होंने कहा कि अभी कुछ देर पहले आईआईटी मद्रास में मुझे वहां के ब्रेन रिसर्च सेंटर में जाने का अवसर मिला है। इस फील्ड में होने वाली रिसर्च पब्लिक हेल्थ की फील्ड में अनेक नए अवसर पैदा कर सकती है। इस विजिट के अलावा मुझे चेन्नई मेट्रो के एक और स्ट्रेच को भी जनता को समर्पित करने का अवसर मिला है।
उन्होंने कहा कि मंदिर से लेकर मेट्रो तक, तमिलनाडु के ये अनुभव भारत की भावना को दिखाते हैं। भारत अपनी सांस्कृतिक शक्ति से ताकत और प्रेरणा लेता है, विज्ञान की प्रगति से हम आगे बढ़ रहे हैं और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के जरिए नए अवसरों का निर्माण हो रहा है। हमारी विरासत से कि हमारी आकांक्षाएं साथ-साथ आगे बढ़ रही हैं।
